ग्वालियर. मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटे तक तेज हवाओं का दौर चलेगा. इस दौरान प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में तेज बारिश तो कहीं बूंदाबांदी की संभावना रहेगी. नीमच और श्योपुर जिले में 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी. इन जिलों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. मौसम विभाग विभाग ने कूनो नेशनल पार्क, गांधी सागर सेंचुरी और ग्वालियर एयरपोर्ट के लिए अलर्ट भी जारी किया है. मंदसौर और आगर जिले में देर रात बारिश हुई. इस दौरान कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है. चंबल के श्योपुर जिले में सोमवार सुबह से ही बारिश हो रही है. बीती रात से उत्तर भारत और ग्वालियर-चंबल अंचल में छाए कोहरे धुंध की वजह से दिल्ली पंजाब से आने वाली 14 ट्रेनें 9 घंटे तक की देरी से गुजरी.
पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ के चलते मध्य प्रदेश के मौसम पर भी लगातार असर पड़ रहा है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के 10 जिलों में बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक श्योपुर, नीमच, गुना, भिंड, मुरैना और मंदसौर जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना होगी. इनके अलावा ग्वालियर, शिवपुरी, झाबुआ और रतलाम जिलों के कई इलाकों में बूंदाबांदी के आसार हैं. मौसम विभाग का कहना है कि आज श्योपुर और नीमच जिले में करीब 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. इन दोनों जिलों में तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है. ग्वालियर चंबल अंचल के साथ ही रतलाम और झाबुआ में 20 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी.
कूनो नेशनल पार्क, गांधी सागर सेंचुरी में तेज हवा के साथ बारिश और बिजली गिरेगी
पश्चिमी विक्षोभ के चलते पर्यटन स्थलों पर भी मौसम का भारी उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि ग्वालियर-चंबल अंचल में मौजूद कूनो नेशनल पार्क में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी.
सैलानियों के लिए चेतावनी जारी
इस दौरान यहां बारिश भी होगी और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी. वही, गांधी सागर सेंचुरी में भी तेज रफ्तार हवाओं का दौर रहेगा. यहां करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बूंदाबांदी भी होगी. मौसम विभाग ने कूनो नेशनल पार्क और गांधीसागर सेंचुरी आने वाले सैलानियों के लिए चेतावनी जारी की है.






