मुंबई. अगर आप भी ऑनलाइन माध्यम से नौकरी (Online Job) की तलाश कर रहे हैं तो सावधान हो जाएं. नौकरी के नाम पर बढ़ रहे ठगी के मामलों के बीच एक महिला से ठगों ने 5 लाख रुपये ऐंठ लिए. न्यूज़ एजेंसी PTI की एक रिपोर्ट के अनुसार ठाणे शहर की एक 26 वर्षीय महिला से एक अज्ञात ऑनलाइन जालसाज ने नौकरी का झांसा देकर उससे 5 लाख रुपये ठग लिए. महिला ने पुलिस को बताया कि उसने 4 जनवरी को अपने इंस्टाग्राम पेज (Instagram) पर नौकरी का विज्ञापन देखा था जिसके बाद उसने नौकरी के लिए संपर्क किया.
महिला ने बताया कि जिस वेबसाइट पर विज्ञापन निर्देशित किया गया था, उसने नौकरी पाने से पहले कुछ शुरुआती भुगतानों की मांग की थी. उसने अगले छह दिनों में कुल 5,38,173 रुपये का भुगतान किया. लेकिन जब उसने दिए गए नंबरों पर संपर्क किया तो कोई जवाब नहीं मिला. ठगी का एहसास होने पर महिला ने शिकायत के साथ शहर के चीतलसर पुलिस स्टेशन का दरवाजा खटखटाया. वहीं पुलिस ने कहा कि शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
बढ़े रहे हैं ठगी के मामले
अक्सर लोग नौकरी न मिलने पर ऐसे जालसाजों के चक्कर में फंस जाते हैं जो आपके सपनों की नौकरी को दिलाने का वादा करते हैं. देश में नौकरी के अलावा कई बार लोग विदेशों में भी नौकरी लेने के लालच में बुरी तरह फंस जाते हैं. जालसाज लोगों को पैसे लेकर विदेशों में नौकरी करने के लिए भेज देते हैं जहां उन्हें बंधक बना लिया जाता है. ऐसे में नौकरी पाने के लिए किसी भी अनजान लोगों के झांसे में ना आएं और साथ ही अच्छे से जांच पड़ताल करने के बाद ही कोई कदम उठाएं.






