मुंबई: मुंबईकरों के लिए गुड न्यूज है, क्योंकि मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक पुल (Mumbai Trans-Harbour Link) के खुलने से मुंबई (Mumbai News) से नवी मुंबई की दूरी मिनटों की हो जाएगी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने कहा कि जब इस साल के अंत में देश का सबसे लंबा समुद्री पुल खुल जाएगा, तब भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई से नवी मुंबई तक की यात्रा का समय तीन घंटे से घटकर 15 मिनट हो जाएगा. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) का 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इस साल नवंबर में पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा.आधिकारिक विज्ञप्ति में मुख्यमंत्री के हवाले से कहा गया कि यह ‘देश का सबसे लंबा समुद्री पुल’ होगा और यह ऐसा पहला पुल भी होगा, जिसपर ‘ओपन रोड टोलिंग’ (ओआरटी) प्रणाली की सुविधा होगी. इस 22 किलोमीटर लंबे पुल का 16.5 किलोमीटर का हिस्सा समुद्र पर बना होगा. शिंदे ने कहा कि पुल के एक बार यातायात के लिए खुलने के बाद मध्य मुंबई में सेवरी से नवी मुंबई में चिरले तक 15 से 20 मिनट में पहुंचना संभव होगा.
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि ‘ओपन टोलिंग सिस्टम’ की वजह से टोल भरने के लिए वाहनों को पुल पर रुकना नहीं पड़ेगा. मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीज़न डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) के अधिकारियों ने बताया कि यह प्रणाली वर्तमान में सिंगापुर में इस्तेमाल की जाती है. एमएमआरडीए, महाराष्ट्र सरकार की एक एजेंसी है जो जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी द्वारा वित्तपोषित एमटीएचएल परियोजना का काम देख रही है.






