छत्तीसगढ़ में अंग्रेजी माध्यम सरकारी स्कूलों के बाद अब अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराने वाले कॉलेज खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अफसरों से अगले 10 दिनों में ऐसी योजना का प्लान मांगा है। योजना है कि अगले शिक्षा सत्र से पहले प्रदेश के प्रमुख शहरों में कम से कम 10 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम महाविद्यालय शुरू कर दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव का फैसला किया है। तय हुआ है कि प्रदेश में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय शुरू किए जाएंगे। पहले साल 10 कॉलेजों से यह शुरू होगा। अगले तीन सालों में सभी जिला मुख्यालयों में एक कॉलेज खोलने की बात कही जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य सचिव अमिताभ जैन से अगले 10 दिनों में इस योजना की विस्तृत कार्ययोजना पेश करने को कहा है। अधिकारियों का कहना है, वर्तमान में राज्य में इंग्लिश मीडियम के शासकीय महाविद्यालय नहीं होने के कारण राज्य के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए महानगरों के महाविद्यालय में प्रवेश लेना पड़ता है। इसकी वजह से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर बड़ा आर्थिक बोझ पढ़ता है। जिसमें बड़ी राशि व्यय होती है। अब अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई वाला कॉलेज खुल जाएगा तो स्वामी आत्मानंद स्कूलों में पढ़े बच्चों को बेहतर उच्च शिक्षा के लिए प्रदेश से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।






