वर्धा जिले के सामान्य अस्पताल की इमारत क्रमांक दो में मंगलवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग दूसरी मंज़िल पर स्थित स्टोर रूम में लगी, जो बाल रोग विभाग के ठीक पास थी। आग लगते ही धुआं फैलने लगा, लेकिन समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
आग की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इमारत में मौजूद मरीजों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करना शुरू कर दिया। कुल 10 मरीजों को तत्काल अन्य वार्डों में शिफ्ट किया गया, जबकि मरीजों और उनके परिजनों सहित कुल 33 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सौभाग्य से इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
बताया जा रहा है कि आग में स्टोर रूम में रखे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दवाइयों के कई बॉक्स जलकर खाक हो गए हैं। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि एहतियात के तौर पर तुरंत इमारत की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
शुरुआत में अस्पताल के कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसके बाद सूचना मिलते ही वर्धा नगर पालिका का अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि इमारत के भूतल पर एक्स-रे और सिटी स्कैन विभाग, पहली मंज़िल पर स्त्री शल्य विभाग और दूसरी मंज़िल पर बाल रोग विभाग स्थित है। बाल रोग विभाग के पास ही स्टोर रूम होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन त्वरित कार्रवाई से सभी की जान सुरक्षित रही। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।






