असम के होजाई जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20507 डाउन) हाथियों के एक झुंड से टकरा गई। यह घटना जामुनामुख–कांपुर सेक्शन में लुमडिंग मंडल के अंतर्गत करीब सुबह 2:17 बजे हुई। टक्कर में आठ जंगली हाथियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक हाथी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन के इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। लोको पायलट ने हाथियों को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन दूरी कम होने के कारण टक्कर टल नहीं सकी।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे, वन विभाग और राहत दल मौके पर पहुंचे। प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित रूप से अन्य कोचों में शिफ्ट किया गया और गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए। रेलवे प्रशासन के अनुसार, प्रभावित डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन को सुबह 6:11 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना किया गया। ट्रैक की मरम्मत और बहाली का काम युद्धस्तर पर जारी है।






