नई दिल्ली. JEE Mains 2023: जेईई मेंस 2023 जनवरी सेशन के लिए कुल 8.6 लाख उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. यह जेईई जुलाई सेशन 2022 से 6 हजार कम है. इस साल रजिस्ट्रेशन कराने वालों में 6 लाख से अधिक लगभग 70 प्रतिशत मेल मेंबर हैं. वहीं पहली बार 30 प्रतिशत से अधिक 2.6 लाख महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है.
कैटेगरी-वार, सामान्य उम्मीदवारों का प्रतिशत पिछले साल के 41.8 से घटकर इस बार 38.3 हो गया है. दूसरी ओर, ओबीसी श्रेणी के लिए उम्मीदवारों का प्रतिशत 35.7 से बढ़कर 37.1 और सामान्य-आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (GEN-EWS) श्रेणी का प्रतिशत 9 से बढ़कर 11.6 हो गया है.
महाराष्ट्र में हुए हैं सबसे अधिक रजिस्ट्रेशन
राज्य-वार रजिस्ट्रेशन की बात करें तो, 1,03,039 रजिस्ट्रेशन के साथ पहले स्थान पर है. यह कुल रजिस्ट्रेशन का लगभग 12 प्रतिशत है. इसके बाद दूसरे और तीसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश से 99,714 (11.6%) और आंध्र प्रदेश से 91,799 (10.6%) रजिस्ट्रेशन हुए हैं. चौथे और पांचवे स्थान पर तेलंगाना (86,840) और राजस्थान (59,641) हैं.
शहरों की लिस्ट में दिल्ली है टॉप पर
शहरों में, सबसे अधिक रजिस्ट्रेशन होने की लिस्ट में दिल्ली टॉप पर है. दिल्ली से इस बार 36,530 उम्मीदवारों हैं. इसके बाद हैदराबाद/सिकंदराबाद दूसरे स्थान पर (32,246) और कोटा (24,253) का तीसरा स्थान है.
कल से शुरू होगी परीक्षा
एनआईटी और आईआईआईटी जैसे केंद्रीय वित्तपोषित संस्थानों में इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर और नियोजन स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा के साथ-साथ आईआईटी में प्रवेश के लिए जेईई (एडवांस्ड) की पात्रता परीक्षा 13 भाषाओं में मंगलवार से शुरू होगी. एनटीए के अनुसार, यह परीक्षा देश भर के 290 शहरों और भारत के बाहर 18 शहरों में आयोजित की जाएगी. जेईई (मेन) का दूसरा सत्र 6 से 12 अप्रैल, 2023 तक आयोजित किया जाएगा.






