उज्जैन. मध्य प्रदेश में स्थित धर्मनगरी उज्जैन के माधव नगर थाना क्षेत्र के रामीनगर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. किराए के मकान में पति के साथ रहने वाली महिला ने विवाद के बाद जहर खा लिया और ट्रेन से कटकर जान देने के लिए गोपालपुरा स्थित रेलवे पटरी के पास पहुंच गईं. मुंहबोले भाई प्रिंस ने विवाहिता जया को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. जया ने अपनी हथेली पर मेहंदी से शादी की तारीख लिखने के बाद 16 जनवरी 23 की लास्ट डेट लिखा और उसके बाद जहर खा लिया. फिलहाल महिला बयान देने की हालत में नहीं है. इस मामले पर पुलिस नजर रखे हुए है.
जया के भाई प्रिंस ने बताया कि जया यादव और आयुष गोयल (21 वर्ष) की 8 महीने पहले शादी हुई थी. जया ने आयुष से लव मैरिज किया था. सोमवार रात को जया के मुंहबोले भाई प्रिंस ने उनको गोपालपुरा रेलवे पटरी के पास से गंभीर हालत में उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था. प्रिंस ने बताया कि जया का पति पुजारी का काम करता है. दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था. जया ने पति आयुष को मोबाइल पर वॉयस मैसेज किया था. इसमें उन्होंने कहा था कि मुझसे मिलने आ जाओ नहीं तो मैं मर जाऊंगी. आयुष ने उसका कोई जवाब नहीं दिया. इसके बाद जया ने हथेली पर मेहंदी से शादी की तारीख लिखने के बाद 16 जनवरी 2023 की लास्ट डेट लिखकर जहर खा लिया.
जया के मुंहबोले भाई प्रिंस ने आगे बताया कि जैसे ही उनको घटना की जानकारी मिली वह पड़ोसी दोस्तों के साथ रेलवे पटरी के पास पहुंच गए. उन्होंने जया को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया. अब पुलिस इस पूरे मामले में जया के बयान का इंतजार कर रही है. फिलहाल जया इस हालत में नहीं है कि बयान दे सके. जया जैसे ही बयान देने की स्थिति में होगी, पुलिस उनका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू करेगी.
एडिशनल एसपी ने बताया कि माधवनगर थाने को हॉस्पिटल से एक महिला द्वारा जहर खाने की सूचना दी गई थी. महिला को सीएच हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. उसके बाद पुलिस अस्पताल गई थी. वहां पर डॉक्टरों ने बताया था कि महिला बयान देने की स्थिति में नहीं है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही विवाहिता और उनके परिजन बयान देने की स्थिति में होंगे उनका बयान दर्ज किया जाएगा. पुलिस ने बताया कि महिला ने हाथ पर दो डेट लिख रखे हैं.






