मुंबई. इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Mumbai international airport) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने ऐसे दो लोगों को गिरफ्तार (Arrest) किया है, जो अपने अंडरवियर (Underwear) में सोना (Gold) छुपाकर ला रहे थे. दोनों शख्स गोल्ड पेस्ट तस्करी (Gold Smuggling) के मामले को अंजाम दे रहे थे. मंगलवार को DRI ने 4.54 करोड़ रुपये के सोने की तस्करी के आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान मोहम्मद सलमान और अब्दुल बासित के रूप में हुई है.
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार DRI अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने अंडरवियर में सोना छुपा रखा था. दोनों को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया. अधिकारियों ने कहा कि उन्हें इनपुट मिला था कि मंगलवार तड़के दुबई से मुंबई जाने वाले यात्रियों के एक सिंडिकेट द्वारा पेस्ट के रूप में सोने की भारत में तस्करी की जा रही है.
सोने की तस्करी की सूचना मिलते ही DRI अधिकारियों ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी. इसके बाद दो लोगों पर शक हुआ. फिर अधिकारियों ने कहा कि दोनों व्यक्तियों की गहन जांच की गई. गहन जांच में दोनों के पास पेस्ट के रूप में 8.230 किलोग्राम सोना बरामद किया गया. जिसकी कीमत लगभग 4.54 कोरोड़ रुपये आंकी गई है.
DRI के एक अधिकारी ने कहा कि इसका पता लगाना मुश्किल था, लेकिन हमने अच्छी तरह से जांच की और उनके अंडरवियर में हमें सोना मिला. यह तस्करी करने का अनूठा तरीका है, जिसका DRI ने भंडाफोड़ किया है. अधिकारी ने कहा कि हम देश में सोने की तस्करी में शामिल व्यक्तियों की पूरी चेन को उजागर करने की कोशिश कर रहे हैं. गिरफ्तार आरोपियों से मामले में पूछताछ चल रही है. हम जल्द ही तस्करी की चेन में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लेंगे.






