ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में दिख रहा है कि एक ट्रक सड़क पर अचानक आग पकड़ लेता है और चारों तरफ से लपटों से घिर जाता है. घटना 11 जनवरी की बताई जा रही है. ग्वालियर में आधीरात के वक्त आगरा-मुंबई हाईवे पर एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई. ट्रक में मौजूद ड्राइवर और क्लीनर आग में घिर गए.उस दौरान रात की गश्त में तैनात घाटीगांव थाने की डायल-100 मौके पर पहुंच गई. डायल-100 से पहुंचे तीन सिपाहियों ने अपनी जान पर खेलकर ट्रक ड्राइवर और क्लीनर को आग में जलने से बचा लिया. देखते ही देखते कुछ ही पलों में ट्रक और उसमें रखा सामान जलकर खाक हो गया. ये मिनी ट्रक ग्वालियर से भोपाल जा रहा था. उसमें आग 11-12 जनवरी की रात करीब 2 बजे लगी.
परचून और इलेक्ट्रॉनिक का सामान स्वाहा
इसमें परचून और इलेक्ट्रॉनिक का सामान था. यह आग उस वक्त लगी जब ट्रक ग्वालियर जिले के घाटीगांव थाना क्षेत्र से गुजर रहा था. आग ने ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया. गेट लॉक होने से ड्राइवर और क्लीनर ट्रक के अंदर ही फंस गए. दोनों को आग से घिरा देख लोगों ने पुलिस को फोन लगाया. सूचना मिलते ही हाईवे पर रात की गश्त में तैनात सिपाही डायल-100 में बैठकर तुरंत मौके पर पहुंच गए.
पुलिसकर्मियों ने यूं बचाई जान
घाटीगांव थाना के सिपाही लोकेश, भूपेंद्र और महेंद्र ने जलते ट्रक के कांच फोड़े और फिर ट्रक में फंसे ड्राइवर-क्लीनर की जान बचाई. इसके बाद ट्रक पूरी तरह स्वाहा हो गया. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तक तक ट्रक में रखा लाखों रुपए कीमत का सामान जलकर राख हो गया. लेकिन ड्राइवर क्लीनर की जान बच गई. दोनों की जान बचाने वाले सिपाहियों की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं. अब पुलिस विभाग भी अपने सिपाहियों को सम्मानित करेगा.






