राजगढ़. मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक प्रेमी प्रेमिका को पाने के लिए टंकी पर चढ़ गया. दरअसल, उसकी प्रेमिका नाबालिग है. इस वजह से उसकी मां ने प्रेमी को डांट दिया था. इससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया. इतना ही नहीं, प्रेमी ने अपना ही हाथ चाकू से मार-मारकर गोद दिया. खून निकलने के वजह से उसे चक्कर आ गए और वह टंकी की सीढ़ियों पर गिर पड़ा.सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसे जैसे-तैसे नीचे उतारा. इसके बाद उसे एसडीएम के पास ले जाया गया. यहां एसडीएम ने प्रेमी का काउंसलिंग की. लड़के ने एसडीएम से कहा, मैडम मेरे पास गर्लफ्रेंड के 2500 वीडियो और सैकड़ों फोटो हैं. उनका मैं क्या करूं. आप तो मेरी शादी कराओ. इस पर एसडीएम ने कहा कि लड़की नाबालिग है. बालिग होगी तो वह फैसला करेगी कि शादी किससे करनी है.






