भोपाल के बैरागढ़ कलां में ठेकेदार ने बीवी-बच्चों समेत जहर पीकर जान देने की कोशिश की। ठेकेदार, बीवी, और चार बच्चों को हमीदिया में भर्ती कराया गया है। सभी को हमीदिया अस्पताल के एमआईटी वार्ड में भर्ती किया गया है। स्पेशिलिस्ट डाॅक्टर्स की टीम की मॉनिटरिंग में इलाज चल रहा है।
खजूरी थाना पुलिस जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कर्ज से परेशान होकर सुसाइड करने की कोशिश की गई है। खजूरी थाना प्रभारी संध्या मिश्रा ने बताया कि बैरागढ़ कलां गांव निवासी किशोर जाटव ठेकेदारी करते हैं। हमीदिया अस्पताल से बुधवार सुबह सूचना मिली कि किशोर जाटव (40), उनकी पत्नी सीता जाटव (35), तीन बेटियों कंचन जाटव (15), अन्नू (10), पूरवा (8) और एक बेटे अभय (12) ने जहर पी लिया है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। बयान के बाद ही सही तौर पर पता चलेगा कि परिवार को क्या समस्या थी।
एडिशनल डीसीपी महावीर सिंह मुजालदे ने बताया कि खुदकुशी के पहले किशोर जाटव ने अपने भांजे को सुबह 6 बजे फोन कर कहा- अलविदा…। इसके बाद फोन काट लिया। सुसाइड की वजह की जांच की जा रही है। तहसीलदार आदित्य जंगले ने किशोर जाटव के बयान लिए हैं। पूर्व में किशोर ने किसी तरह की प्रताड़ना की शिकायत पुलिस से की या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर लग रहा कि वह कर्ज से परेशान था।






