दमोह कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात कुछ बदमाशों ने एक युवक को चाकू मार दिया। युवक की गलती सिर्फ इतनी थी कि उससे गलती से आरोपियों को धक्का लग गया था। जिसके बाद आरोपियों ने उसे कमर में चाकू मार दिया। घायल उसी हालत में अपनी मां के साथ जिला अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टर ने सर्जरी के बाद चाकू को निकाला।
मामला पथरिया फाटक ओवरब्रिज के नीचे का है। घायल दशरथ रैकवार ने बताया कि वह कछियाना मोहल्ला में रहता है। पथरिया फाटक ओवरब्रिज से होते हुए पैदल अपने घर जा रहा था। तभी क्रॉसिंग के दौरान सामने से आ रहे तीन लड़कों को उससे धक्का लग गया। इस बात पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने रोका, तो उनमें से एक ने चाकू निकालकर उसकी कमर में घोंप दिया।
घायल दशरथ का कहना है कि वह नहीं जानता कि आरोपी कौन थे। घटना की खबर उसने अपनी मां को दी, तो वह दोनों जिला अस्पताल पहुंचे। उसने बताया कि चाकू निकल नहीं रहा था। पीछे फंसा हुआ था, इसलिए वह सीधे अस्पताल आया है।
उधर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के दौरान सर्जरी कर पूरे एहतियात से चाकू को कमर से बाहर निकाला और उसकी पट्टी करके जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया। खबर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई भी आरोपी गिरफ्त में नहीं आया।






