छत्तीसगढ़ के 8 लोगों की भीषण सड़क हादसे में मौत:बोलेरो और ट्रक में आमने-सामने टक्कर, अस्थि विसर्जन कर तेलंगाना से लौट रही थी फैमिली

छत्तीसगढ़-तेलंगाना राज्य की सीमा पर भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। एक्सीडेंट में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है। मरने वाले सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। बोलेरो वाहन से ये सभी भद्राचलम में अस्थि विसर्जन के लिए गए हुए थे। लौटते समय बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने से टक्कर हो गई।पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले कोंडागांव जिले में पदस्थ एक जवान ने सुसाइड कर लिया था। मृत जवान के परिवार के 10 सदस्य बोलेरो वाहन में सवार होकर तेलंगाना के भद्राचलम में दो दिन पहले अस्थि विसर्जन के लिए गए हुए थे। मंगलवार की देर शाम बस्तर लौट रहे थे। इसी बीच छत्तीसगढ़ से 30 किमी पहले बोड्डुगुडेम गांव के पास वाहन की ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद वाहन में सवार कुछ लोग दूर जा गिरे जबकि ड्राइवर समेत एक बुजुर्ग वाहन में ही फंस गए थे। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 4 लोग घायल हो गए। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने सभी घायलों को भद्राचलम अस्पताल पहुंचाया, जहां 2 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 2 घायलों का इलाज जारी है। मृतकों और घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।पोस्टमॉर्टम के बाद सभी शव को बस्तर लाया जाएगा। इधर भद्राचलम पुलिस का कहना है कि एक के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान पदम सिंह निवासी पंडरीपानी के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच में जुटी है।

प्रदेश में ऐसे कई सड़क हादसे हुए थे.. यहां पढ़िए खबरें

जशपुर जिले में 1 दिन पहले ही सड़क हादसे में बैंक मैनेजर समेत 2 लोगों की मौत हो गई थी। 2 बैंक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी छुट्‌टी मनाकर कार से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा दुलदुला थाना क्षेत्र में हुआ था। मनोरा SBI के ब्रांच मैनेजर अनुरंजन मिंज, जशपुर एसबीआई में पदस्थ सुमित मिंज, कर्मचारी अनमोल और रविंद्र सभी रविवार को छुट्‌टी होने के कारण कुनकुरी गए थे। सभी ने मिलकर दिनभर छुट्‌टी मनाई, खाना खाया और रात के वक्त 9 से 10 बजे के बीच लौट रहे थे। तभी ये हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि कुनुकुरी-जशपुर हाईवे में ये अभी चरईडांड गांव के पास पहुंचे थे। उस दौरान कार की रफ्तार तेज थी। इतने में पता ही नहीं चला और कार अनियंत्रित होकर रोड की तरफ गई। इसके बाद एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में मौके पर ही अनुरंज और सुमित की मौत हो गई थी। जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।

हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। रात का वक्त था, इसलिए मौके पर तुरंत कोई नहीं था। मगर कुछ देर बाद आने-जाने वाले लोगों ने ही कार को रोड किनारे देखा था। जिसके बाद किसी तरह से चारों को अस्पताल ले जाया गया। जहां 2 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा अनमोल और रविंद्र को प्राथमिक इलाज के बाद रांची रेफर कर दिया गया है।

रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर भीषण हादसा, 2 की मौत

रायपुर-बिलासपुर हाइवे पर एक दिन पहले ही दर्दनाक सड़क हादसे में एक नाबालिग सहित दो लोगों की मौत हो गई। हाईवे पर खड़े वाहन से टाटा एस टकरा गई। हादसे में 6 लोग घायल हो गए जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। चारों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक धरसींवा के सड्‌डू गांव में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे केटरिंग का काम करने वाले खरसिया से टाटा एस से लौट रहे थे। तभी हाईवे में अज्ञात वाहन खड़ा था। तेज रफ्तार टाटा एस वाहन के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई।

टाटा एस में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें गीतांजलि मनहरे (14) निवासी सेरीखेड़ी और अशोक निवासी झारखंड की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में देवांशु मनहरे, चालक ललित बजाज, नेहा बजाज, अमन कुमार, उमेश गुप्ता, ढोलू राम बाजार घायल हुए हैं। घायलों में 4 गंभीर को अंबेडकर अस्पताल भेजा गया है, जबकि दो को धरसीवां से प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। धरसीवां पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

 

newtraffictail
Author: newtraffictail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

Live Cricket

POll

What does "money" mean to you?
  • Add your answer

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal