खंडवा में 5 करोड़ रुपए के कर्ज में डूबे जिस वनकर्मी को मरा समझकर, पुलिस 10 महीने से नदी-नालों में लाश खोज रही है, उसके जिंदा होने के सबूत मिले हैं। ये सबूत वनकर्मी को उधारी देने वालों ने पुलिस को दिए हैं। गुमशुदा वनकर्मी के होटल में अय्याशी के फोटो और हवाई यात्रा के टिकट देखकर खंडवा SP ने जांच की बात कही है।
लापता वनकर्मी का नाम शेख जुनैद है। 10 महीने पहले उसने इंदौर-इच्छापुर रोड पर मोरटक्का के पास नर्मदा एक्वाडक्ट पुल से एक VIDEO शेयर किया था। इस वीडियो में उसने कहा था कि 5 करोड़ का कर्ज है, लोग परेशान कर रहे हैं। मेरे पास कोई रास्ता नहीं बचा है। बच्चों का ध्यान रखना। इस वीडियो के सामने आने के बाद यही माना जा रहा था कि उसने सुसाइड कर लिया है, लेकिन वनकर्मी के अब जो फोटो सामने आए हैं, उनके बाद उसका सुसाइड ड्रामा साबित हो रहा है।
मामला जानने से पहले देखिए 10 महीने पहले और अब का फोटो…
अब जानते हैं मामला क्या है?
खंडवा के घासपुरा के शेख जुनैद ने कई मिडिल क्लास लोगों से रुपए डबल करने का कहकर रुपए लिए थे। जुनैद के पिता शेख फरीद वन विभाग में पदस्थ थे। लकवाग्रस्त होने से जुनैद को नौकरी मिली थी। जुनैद इससे पहले प्रॉपर्टी खरीदी-बिक्री का काम करता था। कोरोनाकाल में कारोबार ठप हो गया। इसी बिजनेस के पीछे उसने करीब 150 लोगों से 5 करोड़ रुपए उधार ले लिए। लोगों से उधारी लेने के लिए उसने रुपए डबल करने का लालच दे रखा था।27 जनवरी को वह घर से कार लेकर निकला। इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर सनावद से आगे नर्मदा नदी पर बने एक्वाडक्ट पुल पर उसकी कार मिली थी। इसी दिन उसका VIDEO सामने आया। VIDEO उसने घरवालों को भेजा था। वह VIDEO में रो-रोककर कह रहा था कि उसे समय देते तो वह कर्ज चुका देता, सब लोगों के पैसे दे देता।
क्या कहा था VIDEO में?
जुनैद ने VIDEO में कहा था- जितने भी लोगों को मुझसे पैसे लेना थे, वो मुझे समय देते तो मैं पैसे लौटा देता। मुझे जितनी जिंदगी जीना थी, जी ली। अल्लाह ने नसीब में जो लिखा था, वो हो रहा है। मैं मेरे घरवालों से माफी चाहता हूं। मेरे पास कोई रास्ता नहीं है। लोग मुझे बहुत परेशान कर रहे थे, इसलिए ऐसा कर रहा हूं। मेरे बच्चों का ध्यान रखना।
पुलिस को डेड बॉडी नहीं मिली, अब जानते हैं कि कर्ज देनेवालों को शक कैसे हुआ?
जुनैद के घर पर मेहमानों का आना-जाना पिछले कुछ दिन से बढ़ गया है। मेहमानों के लिए शहर के नामी होटलों से खाना ऑर्डर कर बुलाया जाता है। परिवार का बेटा चला गया, लेकिन घर में खुशियां मनाई जा रही है। घर का हर सदस्य खुश है, गम जैसी कोई बात ही नहीं है। रुपए देने वालों को यही बात खटकी और उन्होंने अपने स्तर पर पता लगाना शुरू कर दिया।
साइबर सेल पड़ताल में जुटी…
मोरटक्का चौकी प्रभारी राजेंद्र सयदे के अनुसार- जुनैद की बॉडी नहीं मिली है। उसने सुसाइड का ड्रामा किया है, ऐसी बात सामने आई है। उसके इंदौर, रायपुर और मुंबई तक में होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने जब-जब इन लोकेशन पर दबिश दी, तो वह नहीं मिला। जुनैद बार-बार ठिकाने बदल लेता है। जून में हवाई यात्रा करने के साथ रायपुर की बड़ी होटल में पार्टी करते हुए भी वह दिखा है। पुलिस जांच कर रही है।
एक पीड़ित की जुबानी…
लोन लेकर 10 लाख रु. दिए… हर महीने 18 हजार किश्त भरना पड़ रही हूं।






