हरियाणा के पानीपत जिले के 198 गांवों में आज नई चौधर तय होगी। पंच-सरपंच के लिए मतदान हो रहा है। मतदान शुरू होने के पहले एक घंटे में यानि 8 बजे तक सिर्फ 296 मतदाताओं ने वोट किए। जबकि 8 बजे के बाद लोगों में काफी रुझान देखने को मिल रहा है।दोपहर 1:40 बजे तक जिले में 50% मतदान हो चुका है। 2 लाख 29 हजार 315 मतदाताओं ने अपने वोट का प्रयोग कर लिया है। इसी बीच गांव महराणा और डाहर से दो पक्षों में नोंक-झोंक की भी खबर सामने आई है। जहां तैनात पुलिस बल ने झगड़े को मौके पर ही सुलझा दिया है। पहले दो घंटे में यानि 9 बजे 38 हजार से ज्यादा लोगों ने मतदान कर दिया है। कुल 8% लोग अपने मत का उपयोग कर चुके हैं। शाम 6 बजे तक मतदान होगा। शाम बाद नतीजे घोषित होंगे। आज से अगले 5 साल के लिए गांवों को नई सरकार मिलेगी।
जिले के 198 गांवों में 4 लाख 57 हजार 849 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। ये आम चुनाव 529 पोलिंग स्टेशनों पर हो रहे हैं, जिनमें 121 संवेदनशील व 187 अति संवेदनशील चयनित हैं।मतदान के तुरंत बाद मौके पर ही मतगणना होगी। मतदान करवाने को लेकर सभी 6 खंडों के पीठासीन ने पोलिंग पार्टियों को मतदान संबंधित जरूरी सामग्री वितरित कर पोलिंग पार्टियों को आवश्यक दिशा निर्देश देकर मतदान केंद्रों पर भेज दिया है। चुनाव को शांतिपूर्वक करवाने के लिए 41 ड्यूटी मजिस्ट्रेट व 41 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। SP की अपील: निर्भीक होकर करें मतदान
SP शशांक कुमार सावन ने बताया कि जिला पुलिस प्रशासन चुनावी प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह से अलर्ट है। पुलिस अधिकारी जनसाधारण के साथ भी तालमेल बनाए हुए है, ताकि अपराधी व अन्य असामाजिक तत्व मतदान वाले दिन मतदान में बाधा डालने के इरादे से क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें।सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। शांतिपूर्ण चुनाव करवाने को लेकर सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों व थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए गए है। ताकि आम चुनाव निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके और आम जनता बिना किसी डर भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
2030 पुलिसकर्मियों की चुनाव में तैनाती
जिला में कुल 219 पोलिंग स्टेशन पर 529 पोलिग बूथ बनाए गए है। इनमें 34 पोलिंग स्टेशन संवेदनशील व 52 अति संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं। वहीं, 107 पोलिंग बूथ संवेदनशील व 141 अति संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं। संवेदनशील व अति संवेदनशील पोलिंग स्टेशन व बूथों पर चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला पुलिस के अतिरिक्त जवानों की नियुक्ति की गई है।इसके साथ-साथ जिला में विभिन्न मार्गों पर 27 स्थानों पर स्थाई व अस्थाई रूप से नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की गहनता से जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त 56 पेट्रोलिंग पार्टी लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है। वहीं, 4 रिजर्व पार्टी बनाकर तैनात की गई है। जिला में 2030 जवानों को तैनात किया गया है। पानीपत से लगती उत्तर प्रदेश राज्य व विभिन्न जिला की सीमाओं पर जिला पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा।






