भोपाल शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी खरगोन दंगे के बाद हुई बुलडोजर कार्रवाई को कोर्ट में चुनौती देंगे। सरकार के खिलाफ कोर्ट जाने के उनके फैसले पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान भी आया है। उन्होंने कहा- जो नगर पालिका के नियमों के मुताबिक अवैध है, उन पर कार्रवाई की जा रही है। वह कोर्ट जा रहे हैं, जाएं, अच्छी बात है। अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि खरगोन की घटना से सूफा, PFI और JMB जैसे संगठनों से कनेक्शन होने की जांच हो रही है। इस मामले में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। गिरफ्तारी होना और बुलडोजर चलना दोनों अलग-अलग मामले हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है। इस मौके पर पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। एहतियात बरती जा रही है।
भोपाल में काजी कैम्प तक शोभायात्रा निकालने की अनुमति निरस्त: गृहमंत्री ने कहा कि छोला हनुमान मंदिर से काजी कैम्प तक के लिए शोभायात्रा निकालने की अनुमति मांगी गई थी। स्थानीय प्रशासन ने इसे निरस्त कर दिया है। इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है।
खरगोन कर्फ्यू में आज फिर 2 घंटे की ढील
खरगोन में आज फिर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई। यह छूट महिला-पुरुष दोनों के लिए थी। सब्जी, फल, दूध, किराना, मेडिकल, इलेक्ट्रिक रिपेयरिंग, मिठाई और नमकीन शॉप्स खुलीं। लोगों को गाड़ी ले जाने की परमिशन आज भी नहीं दी गई। दुकानों को छोड़कर दूसरे स्थानों पर 5 या इससे ज्यादा लोगों के जमा होने की मनाही रही। धार्मिक स्थल बंद हैं।
