रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में सरकारी सिस्टम दम तोड़ता दिखाई दे रहा है. दरअसल, यहां एक व्यक्ति ने बीमार पत्नी को लाने के लिए एंबुलेंस मांगी, लेकिन उसे यह सुविधा नहीं दी गई. इसके बाद उसने हाथ-ठेले पर पत्नी को रखा और 5 किमी चलकर अस्पताल पहुंचा. वह जहां-जहां से भी गुजरा लोगों ने उसके वीडीयो बनाए. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस मामले को लेकर स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है.
जानकारी के मुताबिक, हनुमना निवासी रामलाल कोल की पत्नी मानवती कोल बीमार थी. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाना था. रामलाल ने एंबुलेंस की सुविधा लेने की कोशिश की, लेकिन कहीं से मदद नहीं मिली. एंबुलेंस न मिलने के चलते उसे अपनी पत्नी को अस्पताल ले जाने के लिए हाथ ठेले का सहारा लेना पड़ा.
डॉक्टर ने कहा- मामले की कोई जानकारी नहीं
रामलाल कोल को तकरीबन 5 किलोमीटर दूर तक अपनी बीमार पत्नी को हाथ ठेले पर लेकर जाना पड़ा. वहीं, इस पूरे मामले को लेकर जब हनुमना सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के डॉक्टर नागेंद्र मिश्रा से फोन पर संपर्क किया गया तो उनका कहना था की उन्हें इस मामले की कोई भी जानकारी नहीं है.
लोगों ने भी नहीं की मदद, बनाते रहे वीडियो
बता दें, किमी के रास्ते में किसी ने भी रामलाल की मदद नहीं की. लोग उसके पास से गुजरते गए और वीडियो बनाते गए. लेकिन, किसी ने भी हाल-चाल नहीं लिया. वीडियो में कई जगह ये भी दिखाई दे रहा है कि वह किसी से बात कर रहे हैं, लेकिन उसके बावजूद मदद नहीं मिल रही. इस बीच किसी ने उनका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. अपलोड करते ही अब यह वीडियो वायरल हो गया है. यह घटना 11 जनवरी की बताई जा रही है.






