जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले के चिसोटी गाँव में राहत और बचाव अभियान पाँचवें दिन भी जारी है। अभियान को और मज़बूती देने के लिए विशेष मोबिलिटी व्हीकल्स (SMV) को शामिल किया गया है।
JSW डिफेंस कंपनी के कर्मचारी जयपाल सिंह ने जानकारी दी कि उनकी कंपनी ने दो विशेष वाहन भारतीय सेना की मदद के लिए यहाँ भेजे हैं। उन्होंने कहा, “यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, इसलिए हमारी कंपनी ने पहल करते हुए ये वाहन उपलब्ध कराए हैं। इन वाहनों की खासियत है कि यह किसी भी बाधा को पार कर सकते हैं।”
ये वाहन पहले भी सेना के सिलिगुड़ी, लेह-लद्दाख और भुज जैसे अभियानों में उपयोग किए जा चुके हैं। सेना, प्रशासन और राहत दल लगातार प्रभावित लोगों तक मदद पहुँचाने के लिए प्रयासरत हैं।
इसी बीच, कठुआ ज़िले में बादल फटने से स्थिति और गंभीर हो गई है। ज़िले के तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई इस घटना में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लोग घायल हुए हैं। तेज़ बारिश और अचानक आए फ्लैश फ़्लड से ज़्यादातर संपर्क सड़कें बह गई हैं।
इसके चलते सड़कों, पुलों, इमारतों, कृषि भूमि, बिजली के खंभों और अन्य बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुँचा है। स्थानीय प्रशासन ने हालात को नियंत्रण में लाने के लिए रेस्क्यू टीमों को युद्धस्तर पर लगाया है।






