हरियाणा पंचायत चुनाव के पहले चरण में पंच-सरपंच के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। सुबह सात बजे से ही लोग वोट डालने के लिए लाइन में लग गए हैं। युवाओं से ज्यादा इस चुनाव में बुजुर्ग आगे दिखाई दे रहे हैं। वोट डालने में आधी आबादी भी पीछे नहीं है। पहले चरण में आज 28,575 पंच-सरपंच का चुनाव हो रहा है। सरपंच के 2607 पदों के लिए EVM और 25,968 पंचों के लिए बैलेट पेपर से मतदान हो रहा है। पहले चरण में भिवानी, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर शामिल हैं। आज शाम को ही इसका परिणाम भी आ जाएगा।
