दिल्ली- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार की शाम दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। बिहार में कांग्रेस समर्थित महागठबंधन की सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार और राहुल गांधी की ये पहली मुलाकात थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तीन दिन के दौरे पर सोमवार को दिल्ली पहुंचे। शाम को सीएम नीतीश ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब पचास मिनट तक मुलाकात हुई। बता दें कि नीतीश कुमार की महागठबंधन में वापसी और नई सरकार बनने के बाद उनकी राहुल गांधी से यह पहली मुलाकात है। राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद बाहर निकले सीएम नीतीश ने पत्रकारों से कोई बात नहीं की।
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से उनके घर पर मुलाकात की। इस दौरान लालू यादव के साथ उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी भी मौजूद थीं। सीएम नीतीश ने कहा कि मैंने लालू यादव से बात की है। मैं दिल्ली के दौरे पर जाउंगा, जहां मैं अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से मुलाकात करूंगा। इसके साथ ही राहुल गांधी से भी शाम को मुलाकात करूंगा।
राहुल-नीतीश की मीटिंग से पहले कांग्रेस नेता ने कहा- विपक्षी गठबंधन में PM कैंडिडेट कांग्रेस का हक
गौरतलब है कि इससे पहले जदयू की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषदक की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि 2017 में महागठबंधन छोड़कर एनडीए में जाना उनकी मूर्खता थी। यही नहीं इसके साथ ही नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि वह अब भाजपा के किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं करेंगे। सीएम नीतीश ने कहा कि भाजपा नेता उनकी बात को नहीं सुनते हैं और ना ही बात करते थे। उन्होंने कहा कि हम जब एनडीए के साथ थे तो भाजपा हमे हाशिए पर लाने के सारे प्रयास कर रही थी।
विश्वनीयता खो चुके हैं नीतीश कुमार: बीजेपी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाजपा से अब कभी समझौता नहीं करने संबंधित वक्तव्य पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कहा कि नीतीश जी चाहे जितना जोर लगा लें, चाहे जितनी बातें बनाते रहें और चाहे जितनी सफाई देते फिरें लेकिन बिहार की जनता और देश के राजनैतिक वर्ग के सामने इनका राजनीतिक चरित्र बेनकाब हो चुका है। आरोप लगाया कि वह अपनी विश्वसनीयता खो चुके हैं। डॉ जायसवाल ने दावा किया कि उनके बड़े भाई और हालिया सहयोगी लालू प्रसाद को भी उन पर भरोसा नहीं है। डॉ जायसवाल ने सलाह दी कि नीतीश जी पीएम बनने का दिवास्वप्न देखने से पहले बिहार की गिरती विधि- व्यवस्था को ठीक करने में अपना ध्यान केंद्रित करें।






