केरल में मानसून के दस्तक देने के बाद कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। राजधानी दिल्ली में सोमवार को आंधी-बारिश से तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में अगले 24 घंटे में कुछ जिलों में आंधी और बारिश के आसार हैं। विभाग ने बिहार के 7 जिलों में बारिश और वज्रपात को देखते हुए यलो अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्याें को अभी भी बारिश का इंतजार करना पड़ेगा। पंजाब और हरियाणा में भी कुछ हिस्सों में ही हल्की बूंदा-बांदी हो रही है। हालांकि इससे मौसम में थोड़ी- बहुत राहत जरूर मिली है। झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी कुछ हिस्सों में ही बादल और बारिश का असर दिख रहा है।
राजस्थान : बूंदी-भीलवाड़ा में आंधी-बारिश की चेतावनी
जयपुर मौसम केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बूंदी (पश्चिम) और भीलवाड़ा (पूर्व) में मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है। विभाग ने कहा है कि इस दौरान 30-50 KMPH की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। राजस्थान में 25 जून तक मानसून आने का अनुमान लगाया गया है।
मध्य प्रदेश: जबलपुर-सागर में बारिश की संभावनाएं
मध्य प्रदेश के जबलपुर और सागर में बारिश की संभावना जताई गई है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि मंगलवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश तो रहेगी, लेकिन नौगांव, दतिया, खंडवा, खरगौन, ग्वालियर और भोपाल में पारा चढ़ेगा। राज्य में 11 जून तक मानसून पर स्थिति साफ हो जाएगी।
बिहार: 7 जिलों में यलो अलर्ट जारी, धूल भरी आंधी चलेगी
मौसम विभाग ने बिहार के 7 जिलों में बारिश और वज्रपात को देखते हुए यलो अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बांका, भागलपुर, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया और मुंगेर में बारिश के साथ-साथ बिजली गिर सकती है। ऐसे में लोग बारिश के दौरान सावधानी बरतते हुए अपने घरों में ही रहें।
झारखंड के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट
रांची मौसम केंद्र के अनुसार झारखंड के देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, धनबाद और साहेबगंज में चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 30-40 KMPH की रफ्तार से हवा चलने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार राज्य के इन इलाकों में 5 जून तक बादल छाए रहेंगे।
हरियाणा-पंजाब में बारिश का इंतजार
मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा, पंजाब में भी प्री-मानसून की वजह से मौसम का मिजाज बदला रहेगा। दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों में मंगलवार शाम तक हल्की बारिश की संभावनाएं हैं। राज्य में 3 दिनों तक बादल छाए रहने का अनुमान है।
इन राज्यों में भी बारिश का असर
स्काइमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, केरल के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। तेलंगाना, कर्नाटक, उत्तराखंड, विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के एक या दो हिस्सों में हल्की बारिश संभव है। हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ छिटपुट बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं।






